चमोली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद लापता दो लोगों की तलाश के लिए रविवार को रेस्क्यू अभियान को और तेज कर दिया गया। जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और रेस्क्यू टीमों से समन्वय करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस एवं जिला प्रशासन की टीमें टनल के भीतर सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। पानी का स्तर कम करने के लिए पंपों से लगातार पानी बाहर निकाला जा रहा है, जिससे रेस्क्यू टीमों के लिए प्रभावित हिस्सों तक पहुंचना आसान हो सके।
टनल के भीतर फंसी मशीनों और भारी अवरोधों को हटाने का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है। आधुनिक उपकरणों एवं तकनीकी संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर आगे बढ़ने का रास्ता तैयार किया जा रहा है। रेस्क्यू टीमें संभावित सभी स्थानों की बारीकी से जांच कर रही हैं और मलबे के बीच छोटी से छोटी जगह को भी सघनता से खंगाला जा रहा है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के माध्यम से हादसे के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद अब तक कुल 20 लोगों को टनल से बाहर निकाला गया है। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि 8 लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। टनल में फंसे दो शेष लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।